अगले आदेश तक नहीं होंगे प्रेमानंद महाराज जी के दर्शन

वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के अनुयायियों  के लिए बेहद उदास करने वाली खबर आ रही है। अचानक तबीयत खराब होने की वजह से महाराज जी के सुबह के दर्शन, एकांतिक बातचीत और पदयात्रा को अगले आदेश तक के लिए रोक दिया गया है।

दरअसल, पिछले दो दिनों से महाराज जी अस्वस्थ चल रहे हैं और इसी वजह से बीती रविवार की रात को बड़ा बदलाव देखना पड़ा। रोज की तरह देश-विदेश से आए हजारों लोग दर्शन की आस में कतारों में खड़े थे, लेकिन रात 3 बजे महाराज जी की जगह उनके शिष्य ने वहां खड़े लोगों को सूचित किया कि महाराज जी की सेहत ठीक न होने की वजह से आज की पदयात्रा को रद्द किया जा रहा है। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की वे सड़कों पर भीड़ न लगाएं और अपने स्थानों पर लौट जाएं।

प्रेमानंद महाराज अपने केली कुंज आश्रम से सौभरी वन तक करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पैदल तय करते हैं और अपने लाखों  भक्तों को दर्शन देते हैं। शनिवार और रविवार के दिन यह संख्या लाखों में होती है। इस समय अधिकमास के चलते ब्रज में लोगों की भीड़ काफी है। ऐसे में इतनी भारी भीड़ के बीच अव्यवस्था न फैले, इसे ध्यान में रखकर इस यात्रा को अभी रोकने का फैसला लिया गया है।

आश्रम से जुड़े लोगों ने बताया है कि महाराज जी पिछले करीब 21 सालों से किडनी की गंभीर बीमारी से जुझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनियां पूरी तरह से काम करना बंद कर चुकी है, जिस वजह से डॉक्टरों की टीम की निगरानी में उनके घर पर ही हफ्ते में उनका डायलिसिस किया जाता है। इस प्रक्रिया में हर बार 5 से 6 घंटे का समय लगता है। इस बड़ी तकलीफ के बीच में भी वह लगातार लोगों के बीच में आ रहे हैं।

जैसे ही आश्रम से महाराज जी के बीमार होने की आधिकारिक सूचना दी गई, वैसे ही देशभर में मौजूद उनके लाखों चाहने वाले चिंतित हो गए। आश्रम ने सभी से शांति बनाए रखने और ठीक होने तक आश्रम या सड़कों पर न जुटने को कहा है। भक्तों को भरोसा दिलाया गया है कि जैसे ही महाराज जी ठीक होंगे वह पहले की तरह भक्तों के बीच में नजर आएंगे।

Scroll to Top