लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महंगाई पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल और डीजल को 8 रुपये महंगा कर दिया गया है। राहुल गांधी ने अपना दावा याद दिलाते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि होगी। अब सरकार किश्तों में कीमतों में इजाफा कर रही है।
राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं – ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे। मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था। पर मोदी जी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे – और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल ₹8 महंगा कर दिया। और, ये बढ़त होती ही जाएगी। महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है – चुनाव में वादे, और बाक़ी समय जनता की जेब पर वार।
पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में यह बढ़ोतरी मोदी सरकार द्वारा रोजाना की जाने वाली \”डकैती\” है और इसका खामियाजा आम लोग भुगत रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने आम लोगों की बचत को जलाने के लिए पेट्रोल छिड़का है। उन्होंने लिखा, \”वर्ष 2004 से 2014 के बीच, संप्रग सरकार के दौरान, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में 175.34 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
मोदी सरकार के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें एक प्रतिशत भी नहीं बढ़ीं। इसके बावजूद मोदी सरकार में पेट्रोल की कीमतें 2014 में 71.41 प्रति लीटर से बढ़कर 2026 में 102.12 प्रति लीटर हो गईं। यह तो 43.01 प्रतिशत की वृद्धि हुई। डीजल की कीमतें 56.71 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गईं यानी 67.87 प्रतिशत की वृद्धि हुई।\”
