देश की आर्थिक राजधानी में लगातार हो रही बारिश ने लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है और इसी के साथ हादसों का सिलसिला भी लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला यवतमाल जिले का है जहां दारव्हा शहर में रेलवे फ्लाईओवर निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे पानी में चार बच्चों की डूबकर मौत हो गई। यह हादसा बुधवार शाम (20 अगस्त) को दारव्हा-नेर मार्ग के पास रेलवे स्टेशन परिसर में हुआ।
इस घटना में मारे गए बच्चों की पहचान रिहान असलम खान (13), गोलू पांडुरंग नारनवरे(10) ,सौम्या सतीश खडसन (10) और वैभव आशीष बोथले ( 14 ) के रूप में हुई है। ये सभी बच्चे दारव्हा के ही रहने वाले है।
गड्ढे में गिरे बच्चे
वर्धा-यवतमाल-नांदेड रेलवे परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी के बीच, पुलों के खंभों के लिए खोदे गए गहरे गड्ढों में हाल की भारी बारिश के कारण पानी भर गया। इन गड्ढों के आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। बुधवार दोपहर कुछ बच्चे इन गड्ढों में संभवता नहाने उतरे, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण वे डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और दारव्हा के उप जिला अस्पताल ले गए। गंभीर हालत के चलते उन्हें यवतमाल के संजीवनी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।