विदेश से लौटते ही बड़े एक्शन में मोदी

पांच देशों की यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़े एक्शन की तैयारी में है। वह आज यानी गुरुवार शाम को मंत्रिपरिषद की बड़ी बैठक करने जा रहे हैं। पीएम की यह बैठक तब हो रही है, जब देश में NEET परीक्षा का पेपर लीक होने से माहौल गर्म है और देश के करीब 10 राज्यों में इसकी जांच की आंच पहुंच चुकी है।

वहीं, दूसरी ओर अमेरिका-ईरान के बीच जारी तनाव के बीच पश्चिम एशिया संकट के दूर होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। इस वजह से खाड़ी देशों से भारत की तेल और गैस की सप्लाई ठप सी हो गई है। पीएम की अगुवाई वाली यह बैठक मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच भी हो रही है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को इस बड़ी बैठक की अगुवाई करेंगे। मंत्रिपरिषद की ये बैठक करीब साल भर बाद हो रही है, जिसमें सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होने जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि मंत्रिपरिषद की यह बैठक गुरुवार शाम 4 बजे नई दिल्ली के \’सेवा तीर्थ\’ में हो सकती है। पीएम मोदी इस बैठक में पश्चिम एशिया संकट, उसके आर्थिक प्रभावों और उससे निपटने के उपायों पर चर्चा कर सकते हैं। मंत्रालयों और विभागों को नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए जरूरी दिशा निर्देश दे सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, जहाजरानी और रसद जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है।

Scroll to Top