पश्चिम बंगाल में चुनावी पारा अपने चरम पर है। 19 और 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए भाजपा, वामपंथी दल (CPM) और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और राज्य भर में ताबड़तोड़ रैलियां कर रही हैं। लेकिन, कोलकाता के दम दम सेंट्रल जेल ग्राउंड में जो हुआ, उसने हर किसी की धड़कनें तेज कर दीं।
चुनावी माहौल में जब चारों तरफ सुरक्षा का सख्त पहरा हो, तब एक अनजान चेहरे का अचानक सामने आ जाना रोंगटे खड़े कर देने वाला होता है। दम दम में पैदल मार्च के दौरान ममता बनर्जी अपने समर्थकों का अभिवादन स्वीकार कर रही थीं। तभी अचानक एक अज्ञात व्यक्ति सुरक्षा के सारे प्रोटोकॉल तोड़ता हुआ सीधे मुख्यमंत्री की तरफ झपटा।
उस व्यक्ति को अपनी ओर इतनी तेजी से बढ़ता देख अनुभवी राजनेता ममता बनर्जी भी पल भर के लिए सहम गईं। वह ठिठक गईं और झटके में उनका हाथ अपने कलेजे पर आ गया। उनके चेहरे के भाव साफ बयां कर रहे थे जैसे वो कह रही हों— “अरे बाप रे बाप!”
जैसे ही वह व्यक्ति ममता बनर्जी के करीब पहुंचा, सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि, इससे पहले कि वह उनके और करीब जा पाता, सुरक्षा घेरे में तैनात जवानों ने उसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति मुख्यमंत्री के पैर छूने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भीड़ भरे और संवेदनशील माहौल में उसकी यह हरकत किसी बड़े खतरे की घंटी से कम नहीं थी।
इस घटना ने बंगाल की हाई-प्रोफाइल चुनावी रैलियों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है। क्या मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई? भीड़ के बीच अचानक कोई व्यक्ति ‘दीदी’ के इतने करीब कैसे पहुँच गया? क्या चुनावी रैलियों में वीआईपी सुरक्षा को लेकर नए प्रोटोकॉल की जरूरत है?
फिलहाल, पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की ‘सेंसिटिव’ स्थिति दोबारा पैदा न हो। सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी के इस शॉकिंग रिएक्शन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जता रहे हैं।