ईरान ने खोला ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’, ट्रंप ने कहा- ‘थैंक्यू ईरान’

वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा बाजार के लिए सबसे बड़ी खबर सामने आई है। ईरान ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज (Strait of Hormuz) को सभी जहाजों के लिए पूरी तरह से खोलने का निर्णय लिया है। लेबनान में इजरायल के साथ हुए युद्धविराम (Ceasefire) के बाद ईरान सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है।

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस फैसले की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि लेबनान में लागू युद्धविराम के सम्मान में इस जलमार्ग को सीजफायर की शेष अवधि तक के लिए बहाल किया जा रहा है।

अराघची ने कहा लेबनान में लागू युद्धविराम के मद्देनजर, स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से सभी वाणिज्यिक गतिविधियों और जहाजों के आवागमन के लिए मार्ग पूरी तरह से खुला घोषित किया जाता है। यह आवाजाही उसी निर्धारित रूट से होगी जिसे ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन ने पहले ही नोटिफाई किया है।”

ईरान के इस फैसले का अमेरिका ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ईरान को धन्यवाद देते हुए लिखा ईरान ने घोषणा की है कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज अब पूरी तरह से खुला है और पूर्ण आवागमन के लिए तैयार है। धन्यवाद!

आपको बता दें कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के बंद होने से पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी। वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20% हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। नाकेबंदी की वजह से कच्चा तेल और गैस की सप्लाई बाधित हो गई थी। सप्लाई चेन टूटने से दुनिया भर में ईंधन की कीमतें आसमान छू रही थीं। अमेरिका और ईरान के बीच इस जलमार्ग को लेकर लंबे समय से सैन्य तनातनी बनी हुई थी, जिसमें अब कमी आने की उम्मीद है।

यह घटनाक्रम तब शुरू हुआ जब शुक्रवार को इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों का युद्धविराम लागू हुआ। राष्ट्रपति ट्रंप की मध्यस्थता में हुए इस समझौते का उद्देश्य पिछले एक महीने से जारी उस हिंसा को रोकना है, जिसमें 2,000 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

संयुक्त राष्ट्र (UN) ने भी इस कदम का स्वागत किया है। महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि वे उन सभी कदमों का समर्थन करते हैं जो ‘ब्लू लाइन’ के दोनों ओर हिंसा और मानवीय पीड़ा को समाप्त करने में सहायक हों।

Scroll to Top