कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी सस्पेंस खत्म हो चुका है। सूत्रों के मुताबिक आज यानी 28 मई को दोपहर 3 बजे सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। वह राज्यपाल के ऑफिस जाकर इस्तीफा सौंपेंगे। इससे पहले आज सुबह कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु स्थित मुख्यमंत्री आवास पर ब्रेकफास्ट मीटिंग के दौरान एक-दूसरे को गले लगाया। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पैर भी छुए।
उधर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे को लेकर बढ़ते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्यपाल थावरचंद गहलोत के बेंगलुरु छोड़ने से राज्य की राजनीति में अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल की गैरमौजूदगी इस्तीफा प्रक्रिया को प्रभावित नहीं करेगी और सिद्धारमैया गुरुवार दोपहर 3 बजे तय कार्यक्रम के अनुसार अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।
कांग्रेस विधायक अशोक पत्तन के मुताबिक, डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री बन सकते हैं। इसके साथ सरकार के मंत्रिमंडल में भी फेरबदल होगा। कैबिनेट में करीब 15 से 20 नए मंत्री शामिल किए जा सकते हैं। कर्नाटक कांग्रेस इंचार्ज रणदीप सुरजेवाला भी बेंगलुरु पहुंच गए हैं।
कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा 2023 से चल रही थी। शिवकुमार के समर्थक विधायक कहते आ रहे थे कि 2023 में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी, तब मुख्यमंत्री पद के लिए 2.5-2.5 साल की डील हुई थी। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार का 20 नवंबर 2025 को 2.5 साल का कार्यकाल पूरा हुआ था।