अक्सर लोग अपने घर में शिवलिंग स्थापित करना चाहते हैं, लेकिन मन में सवाल आता है कि घर में काला शिवलिंग रखना चाहिए या सफेद? धार्मिक मान्यताओं के अनुसार दोनों प्रकार के शिवलिंग का अपना अलग महत्व और प्रभाव बताया गया है।
शिवलिंग का महत्व
शिवलिंग को भगवान शिव का प्रतीक माना जाता है। या सृष्टि ऊर्जा और आध्यात्मिक शक्ति का संकेत देता है। माना जाता है कि शिवलिंग की पूजा करने से मानसिक सुख-शांति और सकारात्मकता प्राप्त होती है। यही कारण है कि अक्सर लोग घर के मंदिर में भी शिवलिंग की स्थापना करना चाहते हैं।
काला शिवलिंग
काला शिवलिंग आमतौर पर पत्थर या नर्मदा नदी से प्राप्त शिवलिंग के रूप में देखा जाता है। नर्मदा से प्राप्त शिवलिंग को नर्मदेश्वर कहा जाता है। इसे शक्ति, गंभीरता और तप का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, काला शिवलिंग नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने में सहायक माना जाता है। घर में काला शिवलिंग रखने से मन को स्थिरता और शांति मिलती है। साथ ही, इससे शिव भक्ति में गहराई भी आती है।
सफेद शिवलिंग
सफेद शिवलिंग को शांति, सौम्यता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है।यह अक्सर संगमरमर या सफेद पत्थर से बना होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सफेद शिवलिंग घर के वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने वाला माना जाता है। सफेद शिवलिंग को घर में रखने से सुख-शांति का वास होता है और इससे परिवार के लोगों के बीच में प्रेम बना रहता है।
घर में किस आकार का शिवलिंग रखें
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, घर में ज्यादा बड़े आकार का शिवलिंग नहीं रखना चाहिए। अंगूठे के आकार ा उससे थोड़ा बड़ा शिवलिंग शुभ माना जाता है। छोटे आकार का शिवलिंग घर के मंदिर के लिए अधिक उपयुक्त माना जाता है।