दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में इन दिनों आसमान से आग बरस रही है. कई इलाके लू की चपेट में है, जहां तापमान 45 डिग्री को पार कर रहा है। दिन के तेज धूप की वजह से घर से बाहर निकलना मुश्किल है। वही रात के समय में भी गर्म हवा चल रही है। यानी दिन हो या रात लोग भीषण गर्मी को झेल रहे हैं। मौसम विभाग लगातार गर्मी और लू का अलर्ट जारी कर रहा है। देश में सबसे ज्यादा पारा यूपी के बांदा में दर्ज किया गया है। बांदा में तापमान 48.2 डिग्री तक पहुंच गया है।
बांदा सबसे गर्म क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार कल यानी मंगलवार का दिन इस साल का सबसे गर्म दिन रहा। मंगलवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के 22 शहरों में पारा 45°C के पार चला गया है। यूपी के बांदा शहर लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां तापमान 48.2 °C दर्ज किया गया।
ऑरेंज अलर्ट जारी
राजधानी दिल्ली में लू का दौर जारी है, पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में भीषण लू की स्थिति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हीट वेव की स्थिति
दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और उसके आसपास के इलाकों में अधिक तापमान डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि रात के समय में तापमान में गिरावट नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम ने आम जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी।
