नोएडा हिंसा का मास्टरमाइंड आदित्य आनंद तमिलनाडु से गिरफ्तार

नोएडा पुलिस और एसटीएफ (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। श्रमिक आंदोलन की आड़ में नोएडा में हिंसा भड़काने वाले मुख्य साजिशकर्ता और एक लाख रुपये के इनामी अपराधी आदित्य आनंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली रेलवे स्टेशन से की गई है।

13 अप्रैल को नोएडा में हुई हिंसक घटनाओं के बाद से ही आदित्य आनंद फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए शातिर अपराधी ने अपनी पहचान छिपाने की हर संभव कोशिश की। उसने अपने बाल और दाढ़ी कटवा लिए और हुलिया बदलकर तमिलनाडु भाग गया। हालांकि, पुलिस की तकनीकी सर्विलांस और एसटीएफ की मुस्तैदी के आगे उसकी चालाकी धरी की धरी रह गई।

पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आदित्य आनंद केवल नोएडा ही नहीं, बल्कि मानेसर हिंसा का भी मुख्य सूत्रधार था।इस पूरी साजिश में उसके साथ रूपेश राय, श्रृष्टि, मनीषा और आकृति जैसे लोग शामिल थे, जो पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं।रूपेश की गिरफ्तारी के बाद आदित्य ने ही कमान संभाली और नोएडा के मजदूर संगठनों को भड़काकर 13 अप्रैल को हिंसक प्रदर्शन करवाया था।

अभियुक्त के खिलाफ थाना फेस-2 में मामला दर्ज था और माननीय न्यायालय की ओर से गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था। इसकी गिरफ्तारी के लिए गठित टीमें पिछले कई दिनों से अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही थीं। अंततः 18 अप्रैल को उसे तिरुचिरापल्ली से दबोच लिया गया।

नोएडा पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किन-किन लोगों ने पनाह दी और उसके पास फंडिंग कहाँ से आ रही थी।

Scroll to Top