दिल्ली सरकार ने बकरीद को लेकर गाइडलाइन जारी किया है। मंत्री कपिल मिश्रा ने इस संबंध को लेकर एक्स पर पोस्ट किया है। मंत्री कपिल मिश्रा ने स्पष्ट कहा है कि बकरीद पर गौवंश, गाय, बछड़े, ऊंट और अन्य प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पूरी तरह गैरकानूनी है।
उन्होंने यह भी साफ कहा है कि अगर कोई व्यक्ति ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा। सरकार ने लोगों से यह भी अपील की है कि तय नियमों का पालन करें, ताकि किसी तरह का विवाद या परेशानी पैदा न हो। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
दिल्ली सरकार ने यह भी साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों, गलियों, सड़कों या खुले इलाकों में कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। सरकार का कहना है कि इससे लोगों को परेशानी होती है और कानून व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
सरकार ने लोगों से कहा है कि अगर कहीं नियमों का उल्लंघन होता दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस या दिल्ली सरकार के विकास मंत्रालय को दें।प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली सरकार ने लोगों से अपील की है कि बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। प्रशासन का कहना है कि नियमों का पालन करने से त्योहार भी अच्छे माहौल में मनाया जा सकेगा और किसी तरह का विवाद भी नहीं होगा।