प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले के तहत 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए। देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब ये युवा देश की विकास यात्रा के जिम्मेदार भागीदार बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, हेल्थ और एजुकेशन समेत कई क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां निभाने वाले ये युवा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
देश में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए शनिवार का दिन बेहद खास रहा। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19वें रोजगार मेले में शामिल हुए, जहां उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह हाल ही में पांच देशों की यात्रा से लौटे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पांच देशों का दौरा नहीं था, बल्कि इस दौरान उनकी दुनिया की कई बड़ी कंपनियों के प्रमुखों के साथ विस्तार से बातचीत हुई।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा था कि आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और सरकार देश के भीतर तथा वैश्विक स्तर पर युवाओं के लिए लगातार नए अवसर तैयार कर रही है। उन्होंने कहा था कि ‘डिजिटल इंडिया ने एक नई अर्थव्यवस्था का विस्तार किया है, जिसके साथ भारत एनिमेशन, डिजिटल मीडिया और कई अन्य सेक्टरों में एक ग्लोबल हब के तौर पर उभर रहा है।
