दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने जड़ा थप्पड़, पुलिस ने हिरासत में लिया

सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को उनके सरकारी आवास पर साप्ताहिक जन सुनवाई के दौरान एक 35 वर्षीय व्यक्ति द्वारा हमला किया गया। आरोपी ने शिकायत दर्ज करने के बहाने सीएम के पास पहुंचकर पहले कुछ कागज सौंपे, फिर अचानक चिल्लाते हुए उन पर हमला कर दिया। इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस ने आरोपी को सिविल लाइंस थाने में हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस उपायुक्त (DCP) घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे की मंशा स्पष्ट नहीं हुई है।

बीजेपी ने की कड़ी निंदा

दिल्ली बीजेपी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि मुझे लगता है कि रेखा गुप्ता पर हमले की यह कोशिश जन सुनवाई को डीरेल करने की मंशा से की गई है। जबकि तेजिंदर बग्गा ने सीएम की सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

जल्दी ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी- वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की सीएम रेखा गुप्ता पर हुए हमले को लेकर प्रतिक्रिया सामने आई है। वीरेंद्र सचदेवा ने सीएम पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है और कहा है कि पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जल्दी ही इस घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

आम आदमी ने हमले की निंदा की

आम आदमी पार्टी (आप) और दिल्ली कांग्रेस ने भी इस घटना की निंदा की। इस घटना पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने कहा कि दिल्ली सीएम पर हुआ हमला निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है. उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित है।

कांग्रेस ने सुरक्षा पर उठाए सवाल 

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली कांग्रेस प्रमुश देवेंद्र यादव ने कहा कि यह घटना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री पूरी दिल्ली का प्रतिनिधित्व करती है और मुझे लगता है कि इस तरह की घटनाओं की निंदा होनी चाहिए। लेकिन इस घटना ने महिला सुरक्षा की पोल खोल दी है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं है तो एक आम महिला राजधानी में कैसे सुरक्षित हो सकती है?

पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, और इस घटना ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Scroll to Top