शर्मनाक: मासूम बच्ची की माँ से साफ कराई क्लासरूम की गंदगी!

कान्हा की नगरी से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक बेहद असंवेदनशील घटना सामने आई है। यहाँ के गोविंदनगर क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में मानवता को शर्मशार करते हुए, एक बीमार मासूम बच्ची की माँ से क्लासरूम में पोछा लगवाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों और छात्र संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया।

मामला गोविंदनगर क्षेत्र के बालाजी मेमोरियल पब्लिक स्कूल का है। मिली जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम बच्ची की अचानक तबीयत खराब हो गई और उसने क्लासरूम में ही उल्टी कर दी।

एक तरफ जहाँ स्कूल प्रशासन से उम्मीद की जाती है कि वह बच्ची को प्राथमिक उपचार देता या उसे सुरक्षित घर भिजवाता, वहीं स्कूल प्रबंधन ने क्रूरता और असंवेदनशीलता की सारी हदें पार कर दीं। स्कूल के शिक्षकों ने बच्ची की माँ को तुरंत स्कूल बुलाया। जब बदहवास माँ स्कूल पहुँची, तो बीमार बच्ची को एक तरफ खड़ा कर दिया गया और उसकी माँ के हाथ में कपड़ा थमाकर क्लासरूम में फैली गंदगी साफ कराई गई। अपमान का घूंट पीकर माँ अपनी बच्ची को लेकर वहाँ से निकल गई।

जैसे ही इस अमानवीय कृत्य की भनक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को लगी, भारी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता बालाजी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बाहर इकट्ठा हो गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।स्कूल के गेट पर कार्यकर्ताओं के उग्र प्रदर्शन और बढ़ते आक्रोश को देखकर स्कूल प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। मामले को कानूनी कार्रवाई और बड़े विवाद की तरफ बढ़ता देख स्कूल प्रबंधक बैकफुट पर आया।

प्रबंधक ने इस शर्मनाक कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से और लिखित में पीड़ित परिवार व संगठन से माफी मांगी। लिखित माफीनामा मिलने और सख्त हिदायत के बाद ही कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत हुआ और प्रदर्शन खत्म हुआ। हालाँकि मामला शांत हो गया है, लेकिन इस घटना ने निजी स्कूलों की संवेदनशीलता और उनके रवैये पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।

Scroll to Top