राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने पोते इराज यादव के बहाने यूपी के गाजियाबाद में बड़ा राजनीतिक आयोजन करने जा रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सोमवार को अपने पूरे परिवार के साथ पटना से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए।इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
इस खास मौके पर देश की राजनीति के कई बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है।सूत्रों की मानें तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई बड़े चेहरे समारोह में शामिल हो सकते हैं।
यह समारोह 27 तारीख को बेहद भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। राजनीतिक गलियारों में इस आयोजन को सिर्फ पारिवारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आरजेडी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।इराज का यह पहला जन्मदिन है,ऐसे में यादव परिवार इसे यादगार बनाने की तैयारी में जुटा हुआ है।
पोते के बर्थडे के बहाने लालू यादव ने एक बार विपक्ष को दोबारा मंच पर लाने की कोशिश की है। जानकार बताते हैं कि विपक्ष थोड़ा बहुत अलग- थलग हो गया है लेकिन बंगाल चुनाव रिजल्ट के बाद विपक्षी एकता को दोबारा मजबूत करने की कवायद तेज की जा रही है। आरजेडी के कार्यकर्ताओं में थोड़ा उत्साह है। विधान परिषद उपचुनाव में जीत मिलने के बाद तेजस्वी भी उत्साहित हैं।