आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर औरास क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्लीपर बस चालक को झपकी लगने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में बिहार प्रांत के एक दारोगा और कैदी समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 यात्री घायल हो गए।
दिल्ली से बिहार जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक,बस दिल्ली से बिहार जा रही थी। हादसे में जान गंवाने वालों में बिहार प्रांत के दारोगा रामचंद्र भी शामिल हैं। बताया गया कि वह एक कैदी छत्रपाल को बिहार के सिवान से दिल्ली लेकर गए थे और बयान दर्ज कराने के बाद वापस बिहार लौट रहे थे।
सुबह के समय हुआ हादसा
यह हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्री खिड़कियों से उछलकर एक्सप्रेसवे के नीचे खंती में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।घटना के लगभग आठ मिनट बाद यूपीडा कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलने पर औरास पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बिहार के दारोगा, कैदी समेत छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।