आज पूरे देश में बकरीद का त्योहार मनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में मुस्लिम समुदाय के अकीदतमंदों ने ईदगाहों और मस्जिदों के भीतर बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की। राज्य सरकार की सख्त गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी और भारी बल के साथ मुस्तैद रहे। नमाजियों ने मुल्क में भाईचारे, तरक्की और खुशहाली की सामूहिक दुआएं मांगी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक-दूसरे को गले लगाकर त्योहार की मुबारकबाद दी।
चंदौली में बकरीद का त्योहार बेहद हर्षोल्लास और शांति के साथ संपन्न हुआ। सुबह होते ही लोग ईदगाह और मस्जिदों की तरफ बढ़े और नमाज अदा की। जिले में तकरीबन 280 से अधिक चिन्हित स्थानों पर नमाज का आयोजन किया गया था। इमाम और नमाजियों ने बताया कि सरकार द्वारा जारी सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया गया। चंदौली के एसपी आकाश पटेल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी ईदगाहों पर भारी फोर्स तैनात की गई थी और संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन कैमरों से पैनी नजर रखी गई थी।
रामनगरी अयोध्या में भी बकरीद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शहर के सिविल लाइन स्थित मुख्य ईदगाह में बड़ी संख्या में पहुंचे नमाजियों ने अकीदत के साथ सजदा किया। शासन के सख्त निर्देशों के कारण नमाज केवल मस्जिदों और ईदगाह परिसर के भीतर ही संपन्न कराई गई। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएम शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर स्वयं सुबह से मौके पर डटे रहे। नगर निगम की तरफ से ईदगाह परिसर में विशेष साफ-सफाई और पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था की गई थी।
आगरा में दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल के भीतर स्थित शाही मस्जिद में बकरीद की खास रौनक दिखाई दी। सुबह-सुबह सैकड़ों नमाजियों ने ऐतिहासिक परिसर में नमाज अदा कर मुल्क के लिए दुआएं मांगीं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और सीआईएसएफ के जवान तैनात रहे, जबकि सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। इस खास मौके पर सुबह 7 बजे से 10 बजे तक देशी और विदेशी पर्यटकों को ताजमहल में फ्री एंट्री की विशेष सुविधा दी गई, जिसका सैलानियों ने भरपूर लाभ उठाया।
