Eid-Ul-Fitr 2025 : देशभर में ईद की नई सुबह.. नई रौनक, मस्जिदों में नमाज की गई अदा

Eid-Ul-Fitr 2025 News : देशभर में ईद-उल-फितर का जश्न धूमधाम से मनाया जा रहा है। दिल्ली की जामा मस्जिद में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। वहीं, ईद को लेकर देशभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आज उत्तर-प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यूपी के लखनऊ से संभल तक पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला है। साथ ही हर जगह शांति का माहौल बनाया जा रहा है। ताकि शांति से ईद का त्यौहार मनाया जा सके।

काली पट्टी बांधकर की नमाज अदा 

भोपाल की ईदगाह मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए लोगों ने बांह पर काली पट्टी बांधी हुई थी। बता दें कि हाल ही में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे आज वक्फ (संशोधन) विधेयक के विरोध में बांह पर काली पट्टी बांधकर नमाज अदा करें। पश्चिम बंगाल के कोलकाता की नखोदा मस्जिद के बाहर भी नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। लोगों आपस में गले मिलकर एक दूसरे को ईद की शुभकामनाएं देतेे नजर आए।

इकबाल अंसारी ने दी ईद की शुभकामनाएं

वहीं, इस बीच अयोध्या भूमि विवाद मामले में पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने कहा, “ईद का मतलब मिलजुलकर त्योहार मनाना है। मैं सभी को ईद की बधाई देता हूं, चाहे वो हिंदू हो या मुस्लमान।”

DCP पश्चिम ने दिया बयान

ईद-उल-फितर 2025 समारोह पर DCP पश्चिम, लखनऊ विश्वजीत श्रीवास्तव ने कहा, “लखनऊ में आज ईद की नमाज अदा की जा रही है। इस दौरान सुरक्षा के बहुत ही व्यापक और पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। हम लगातार CCTV और ड्रोन की मदद से भी निगरानी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे निगरानी की जा रही है। व्यवस्था बहुत पुख्ता की गई है। AI तकनीक से लैस ड्रोनों का उपयोग किया जा रहा है।”

अब्बास नक़वी ने कहा ईद मुबारक 

ईद-उल-फितर के मौके पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नक़वी ने कहा, “सभी देशवासियों को ईद की बहुत-बहुत शुभकामनाएं और सभी जगह पूरे जश्न के साथ ईद मनाई जा रही है। ये मीठी ईद है तो इस ईद में कोई कड़वी बात नहीं होनी चाहिए और न ही कोई हरकतें होनी चाहिए।”

Scroll to Top