Waqf Bill : “वक्फ बिल पूरी तरह गैर संवैधानिक…” वक्फ कानून पर संजय सिंह का बड़ा बयान

Sanjay Singh On Waqf Bill : वक्फ कानून में हाल में किए गए संशोधनों की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। गुरूवार, 17 अप्रेल को कोर्ट में दूसरे दिन सुनवाई हुई। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस के.वी. विश्वनाथन की बेंच इस मामले में सुनवाई कर रही है। केंद्र सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए 7 दिन की मोहलत दी है। अगली सुनवाई 5 मई को होगी। तब तक के लिए सरकार ने अदालत को भरोसा दिलाया कि इस दौरान डिनोटिफिकेशन या नई नियुक्ति नहीं की जाएगी।

वक्फ बिल पर बोले संजय सिंह

इसके बाद से लगातार वक्फ कानून पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं अब आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा “वक़्फ संशोधन बिल पूरी तरह ग़ैर संवैधानिक है, यही बात मैंने JPC के समक्ष और सदन में उठाई थी। SC ने केन्द्र सरकार से जो सवाल किए हैं उसका कोई जवाब मोदी सरकार के पास नही है। अभी भी वक़्त है बात मान लो ये देश बाबा साहेब के लिखे संविधान से चलेगा किसी मोदी के फ़रमान से नही।”

केंद्र सरकार पर साधा निशाना 

वहीं उन्होंने अपने एक दूसरे पोस्ट में लिखा “मोदी के समर्थक सुप्रीम कोर्ट को धमकाने में जुट गये हैं। BJP न संविधान मानती है न कोर्ट। मोदी जी के मंसूबों को धक्का लगा है। BJP धार्मिक संपत्तियों पर कब्जा करके अपने दोस्तों को देना चाहती है। इन्होंने काशी में 300 से अधिक मंदिर तोड़कर ज़मीन अपने दोस्तों धंधा करने के लिए दे दी।”

5 मई को होगी अगली सुनवाई

बता दें कि गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत से जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह मुद्दा ऐसा नहीं है कि कोई सेक्शन देखकर उस पर फैसला किया जाए। इस कानून पर बारीकी से नजर डालनी होगी। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि अगर आप ‘वक्फ बाय यूजर’ को लेकर भी कुछ कहना चाहते हैं, तो उसके लिए हमारा पक्ष सुने। सुप्रीम कोर्ट में  इस मामले पर अगली सुनवाई 5 मई को होगी।

 

Scroll to Top