Jammu-Kashmir : तेज बारिश ने जम्मू-कश्मीर में मचाई भारी तबाही, भूस्खलन से 3 लोगों की मौत, रेस्क्यू जारी

Jammu-Kashmir News : जम्मू-कश्मीर के रामबन में शनिवार, 19 अप्रेल की रात को भारी ओलावृष्टि के कारण कई जगह भूस्खलन हो गया। जिसके बाद तेज हवाओं ने तबाही का रूप ले लिया। रामबन शहर के आसपास के कई इलाके भी इस तबाही की चपेट में आ गया। इस प्राकृतिक आपदा में तीन लोगों की जान चली गई है। साथ ही कई परिवारों की संपत्ति का भी भारी नुकसान हुआ है। इस आपदा से नेशनल हाईवे बाधित हो गया है। जिसके चलते आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जितेंद्र सिंह ने दी जानकारी 

आपदा की जानकारी देते हुए केंद्रिय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा “रामबन शहर के आसपास के इलाकों सहित रामबन क्षेत्र में पूरी रात भारी ओलावृष्टि, कई भूस्खलन और तेज हवाएं हुईं। राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध है और दुर्भाग्य से 3 लोग हताहत हुए हैं और कुछ परिवारों की संपत्ति का नुकसान हुआ है।”


उन्होंने आगे लिखा कि “मैं उपायुक्त श्री बसीर-उल-हक चौधरी के साथ लगातार संपर्क में हूं। जिला प्रशासन समय पर और त्वरित कार्रवाई के लिए सराहना का पात्र है, जिससे कई कीमती जिंदगियां बचाने में मदद मिली। हर तरह की राहत, वित्तीय और अन्यथा, प्रदान की जा रही है। डीसी को बता दिया गया है कि, यदि आवश्यक हो, तो जो भी हो। और अधिक की आवश्यकता है, सांसद के निजी संसाधनों से भी प्रदान किया जा सकता है। अनुरोध है कि घबराएं नहीं, हम सब मिलकर इस प्राकृतिक आपदा पर विजय प्राप्त करेंगे।”

प्रशासन की स्थिति पर नजर

रामबन जिले के धरमकुंड क्षेत्र में भारी बारिश के बाद नाले के बाद पानी पूरे गांव में घुस गया है। इस बाढ़ में दस से अधिक घरों को भारी नुकसान हुआ है। घरों के भीतर फंसे  करीब 90 से 100 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। डिप्टी कमिश्नर बसीर-उल-हक चौधरी ने जानकारी देते हुए कहा कि “हर प्रकार की राहत, चाहे वह आर्थिक हो या अन्य, प्रदान की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर सांसद निधि से भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जनता से अपील करते हैं कि अफवाहों पर ध्यान ना दें।” भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर में आगामी 48 घंटों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। साथ ही जम्मू-कश्मीर प्रशासन और स्थानीय पुलिस बल हाई अलर्ट पर हैं। प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और हर संभव मदद प्रदान की जा रही है।

 

Scroll to Top