Barabanki Mandir Stampede: हरिद्वार के बाद बाराबंकी में भी मची भगदड़, 2 श्रद्धालुओं की मौत, 29 घायल

Barabanki Mandir Stampede:  उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ के बाद उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भी भगदड़ मच गई। यह हादसा रविवार की रात बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित पौराणिक औसानेश्वर महादेव मंदिर में हुआ। सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए उमड़े श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच रात 12 बजे के बाद जलाभिषेक शुरू हुआ था। इसी दौरान करीब 2 बजे मंदिर परिसर में अचानक करंट फैल गया, जिससे भगदड़ मच गई।

करंट फैलने के चलते श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच लोग इधर-उधर भागने लगे। इस हादसे में दो श्रद्धालुओं मुबारकपुर निवासी प्रशांत 22 वर्षीय व एक अन्य श्रद्धालु की त्रिवेदीगंज CHC में इलाज के दौरान हो गई। जबकि 29 लोग घायल हो गए है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं>

घायलों का अस्‍पताल में चल रहा इलाज

मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए पहले से ही पुलिस फोर्स मौजूद थी, लेकिन हादसे की सूचना मिलती ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. 10 घायलों को एंबुलेंस से हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जबकि पांच घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया है।

बंदरों के कूदने से फैला करंट

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि कुछ बंदर बिजली के तार पर कूद गए थे, उनके उत्पात के चलते तार टूटकर मंदिर परिसर के टीन शेड पर गिर गया जिसके कारण कंरट फैल गया और मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। हाल फिलहाल स्थिति नियंत्रण है और दर्शन सुचारु रूप से जारी है। घटना के बाद मंदिर में आए लोग नियमित तरीके से दर्शन-पूजा कर रहे हैं. यह घटना कैसे हुई इसकी जांच अभी की जा रही है।

हरिद्वार में भी करंट से भगदड़, 7 की मौत

बाराबंकी से पहले रविवार को हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भी करंट फैलने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी। इस बीच अफवाह फैल गई कि करंट आ रहा है, जिसके चलते लोग बचने के चक्कर में एक-दूसरे पर चढ़ने लगे जिससे इससे अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ ने 7 लोगों की जान ले ली।

  

Scroll to Top