CM रेखा गुप्ता पर हमले के आरोपी की तस्वीर आई सामने, गुजरात से है कनेक्शन!

दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान इसी शख्स ने हमला किया है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके सिविल लाइंस स्थित सरकारी आवास पर साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ। यह घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जब वह लोगों की शिकायतें सुन रही थीं। दिल्ली पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है और गृह मंत्रालय को इसकी सूचना दे दी गई है।आरोपी की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी 41 वर्षीय राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने पहले कुछ दस्तावेज सौंपे और फिर अचानक मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। इस घटना में रेखा गुप्ता के सिर में हल्की चोट आई, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया और सिविल लाइंस थाने में उससे पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी की एक्सक्ल्यूसिव तस्वीरें जनतंत्र टीवी पर सामने आई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी का कोई परिजन जेल में है उसी की रिहाई के लिए याचिका लेकर आया था, जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी की दी गई जानकारी की पुष्टि के लिए गुजरात पुलिस से संपर्क किया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमलावर मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंचा और उसका मकसद क्या था।
बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर ने कहा कि हमलावर का किसी राजनीतिक दल से सीधा संबंध होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उसके बयानों से लगता है कि वह दिल्ली में अपनी स्थिति को लेकर असंतुष्ट हो सकता है।

वीरेंद्र सचदेवा ने थप्पड़ मारने के दावों को बताया गलत

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “आज सुबह जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री हमेशा की तरह जनता से बात कर रही थीं। एक व्यक्ति उनके पास आया, कुछ कागज़ दिए और अचानक उनका हाथ पकड़कर उन्हें खींचने की कोशिश की। इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की हुई। उनके सिर पर हल्की चोट लगी है। मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है। डॉक्टरों ने उनकी जांच की है। मैं उनसे मिला हूं, वे एक मज़बूत महिला हैं। ऐसा लगता है कि राजनीति में इस तरह की घटनाओं का होना निंदनीय हैं जनसुनवाई जारी रहेगी…”

‘घटना के पीछे राजनीतिक साजिश’-मनजिंदर सिंह सिरसा

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने  कहा, “मैं जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। वे दिन-रात दिल्ली की चिंता करती हैं। यह विरोधियों की साज़िश है। इसके पीछे एक राजनीतिक साज़िश लगती है। दिल्ली पुलिस इसकी जांच कर रही है। सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।”

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जनसुनवाई का कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा, लेकिन सुरक्षा प्रोटोकॉल में बदलाव संभव है।

Scroll to Top