By-Election : चार राज्यों की पांचों विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का हुआ ऐलान, इस दिन आएंगे नतीजे

By-Election News : देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर चुनाव आयोग ने उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। भारत निर्वाचन आयोग ने गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की 5 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीख और नतीजों की तारीख की भी घोषणा कर दी है। इन सभी सीटों पर 19 जून को मतदान होगा, वहीं मतों की गिनती 23 जून को की जाएगी।

पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान 

बता दें कि गुजरात की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। यहां की कडी सीट पर विधायक करसनभाई पंजाबभाई सोलंकी की मृत्यु के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। वहीं विसावदर सीट पर भी भयानी भूपेंद्रभाई गंडूभाई के इस्तीफे के कारण उपुचनाव कराया जा रहा है। केरल के नीलांबर सीट पर पी अनवर के इस्तीफे के बाद उपचुनाव का ऐलान हुआ। पंजाब की लुधियाना सीट पर मौजूदा सदस्य गुरप्रीत बस्सी गोगी की मृत्यु के कारण उपचुनाव होना है।

गुजरात में अकेले लड़ेगी कांग्रेस

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने उपचुनाव से पहले ऐलान किया कि “पार्टी अपने इंडिया ब्लॉक सहयोगी आम आदमी पार्टी की साझेदारी के बिना स्वतंत्र रूप से उपचुनाव लड़ेगी। गुजरातियों ने कभी तीसरे मोर्चे के लिए वोट नहीं किया है। यहां या तो कांग्रेस है या भाजपा।”

उम्मीदवारों के नामों का हुआ ऐलान

कांग्रेस पार्टी ने पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर उपचुनाव के लिए भारत भूषण आशु को उम्मीदवार घोषित किया था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी उपचुनाव में लड़ने के लिए अनुमति दे दी है। इसके साथ ही 26 फरवरी को आम आदमी पार्टी ने इस सीट पर उपचुनाव के लिए राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया था।

Scroll to Top