India-Pakistan Ceasefire : भारत की शर्तों पर सीजफायर…दोनों देशों के बीच सीजफायर पर बनी सहमति

India-Pakistan Ceasefire News : भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम की घोषणा हो गई है। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पूरे देश को इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 12 बजे पाकिस्तान के डीजीएमओ ने फोन किया। इसके बाद दोनों देशों में सीजफायर पर सहमति बनी। सीजफायर आज 5 बजे से लागू हो गया है। जानकारी के मुताबिक यह सीजफायर भारत की शर्तों पर हुआ है। 12 मई को फिर सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) की वर्ता होगी।

विदेश सचिव ने सीजफायर पर दी जानकारी

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, “पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। उनके बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 17:00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को 12:00 बजे फिर से बात करेंगे।”
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जताई खुशी

भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की खबर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे पहली दी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, “अमेरिका की मध्यस्थता में एक लंबी रात की बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं।”

जेडी वेंस ने जताया आभार

वहीं अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ट्वीट किया, “भारत और पाकिस्तान के नेताओं के कठिन परिश्रम और इस संघर्षविराम में शामिल होने की इच्छा के लिए मैं उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”

इशाक डार ने किया पोस्ट

पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने ट्वीट किया, “पाकिस्तान और भारत तत्काल प्रभाव से संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं।”

“आतंकवाद के खिलाफ लगातार दृढ़” – जयशंकर 

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट करते हुए लिखा: “भारत और पाकिस्तान के बीच आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी है। भारत ने सभी रूपों और अभिव्यक्तियों में आतंकवाद के खिलाफ लगातार दृढ़ और अडिग रुख बनाए रखा है। भारत ऐसा करना जारी रखेगा।”

Scroll to Top