Bhubaneswar Congress Protest : हिंसा में तब्दील हुआ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Bhubaneswar Congress Protest News : ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में गुरुवार, 27 मार्च को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन ने हिंसा का रूप ले लिया। कांग्रेस कार्यकर्ता महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार पर जांच कमेटी बनाने की मांग और कांग्रेस विधायकों के सदन से निलंबित किए जाने को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प 

 इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प के वीडियो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। वायरल हो रहे वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता भी कुर्सियों को उठा उठाकर पुलिसवालों पर फेंक रहे हैं। पुलिस भी हिंसा को संभालने के लिए लाठीचार्ज कर रही है। इसके बाद पुलिस भीड़ को खदेड़ना शुरू कर देती है।

कांग्रेस ने ओडिशा विधानसभा का किया घेराव 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। फिलहाल कांग्रेस ने ओडिशा विधानसभा को घेर रखा है। बड़ी संख्या में पुलिस बल भी यहां तैनात है। ताकि विधानसभा को किसी भी तरह का कोई नुकसान ना पहुंच पाए। बता दें कि, ओडिशा विधानसभा में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ था। इस दौरान कांग्रेस के विधायक BJP सरकार के आठ महीनों के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जांच के लिए एक कमेटी बनाने की मांग कर रहे थी। इसके बाद बात न सुनी जाने पर कांग्रेस विधायकों ने विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। उन्होंने सदन में घंटी और ‘राम धुन’ गाना बजाना शुरू कर दिया। इसके बाद स्पीकर सुरमा पाढ़ी ने 12 कांग्रेस विधायकों को निलंबित कर दिया।

क्या है पूरा मामला ?

इसके बाद सदन में 12 विधायकों ने मंगलवार की पूरी रात विधानसभा में ही बिताई। जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा के बाहर धरने पर बैठ गए। बुधवार को यह मामला और गर्मा गया। निलंबित कांग्रेस सांसदों को बल प्रयोग कर विधानसभा से बाहर कर दिया गया। तब जाकर कांग्रेस ने विधानसभा के घेराव का ऐलान कर दिया। गुरुवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता ओडिशा विधानसभा को घरने पहुंचे। फिलहाल प्रदर्शन थमता नजर नहीं आ रहा है।

Scroll to Top