T20 World Cup 2026 Final: जीतने वाली टीम पर होगी करोड़ों की बरसात

क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट का सबसे बड़ा ‘दंगल’ अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। एक महीने तक चले रोमांचक मुकाबलों, ग्रुप स्टेज की बाधाओं और सुपर-8 के हाई-वोल्टेज मैचों के बाद अब दुनिया को टी20 का नया सुल्तान मिलने वाला है। 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) की टीमें खिताबी भिड़ंत के लिए आमने-सामने होंगी।

इस बार सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों पर होने वाली धनवर्षा भी चर्चा का विषय बनी हुई है। आईसीसी (ICC) ने इस साल प्राइज मनी में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। ICC ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए कुल 13.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 120 करोड़ रुपये) का प्राइज पूल तैयार किया है।

अगर भारतीय टीम फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम करती है, तो उसे प्राइज मनी के तौर पर 3 मिलियन डॉलर यानी करीब 27.48 करोड़ रुपये मिलेंगे। फाइनल में हारने वाली टीम यानी उपविजेता को 1.6 मिलियन डॉलर (लगभग 14.65 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे।

इस बार प्राइज मनी में 2024 की तुलना में 20 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी की गई है। टूर्नामेंट के अन्य चरणों में बाहर होने वाली टीमों के लिए भी मोटी रकम तय की गई है:

टूर्नामेंट का पड़ाव इनामी राशि (भारतीय रुपये में)
विजेता (Winner) 27.48 करोड़
उपविजेता (Runner-up) 14.65 करोड़
सेमीफाइनलिस्ट (प्रति टीम) 7.24 करोड़
सुपर-8 टीमें (प्रति टीम) 3.48 करोड़
ग्रुप स्टेज टीमें (प्रति टीम) 2.29 करोड़

2024 वर्ल्ड कप की तुलना में इस बार का प्राइज पूल काफी बड़ा है, जो क्रिकेट के बढ़ते बाजार और लोकप्रियता को दर्शाता है। अहमदाबाद का मैदान खचाखच भरा रहने की उम्मीद है और करोड़ों भारतीय फैंस की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या टीम इंडिया इस खिताबी जीत के साथ 27 करोड़ का चेक अपने नाम कर पाएगी।

Scroll to Top