दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन बन चुकी दिल्ली मेट्रो (DMRC) ने यात्रियों के सफर को और अधिक सुगम और आरामदायक बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सोमवार के दिन मेट्रो में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए डीएमआरसी ने 18 मई से हर सोमवार को 6 अतिरिक्त ट्रेनें उतारने का फैसला किया है। ये ट्रेनें रूट पर 24 अतिरिक्त फेरे (ट्रिप्स) लगाएंगी। डीएमआरसी के मुताबिक, यात्रियों की संख्या को देखते हुए जरूरत पड़ने पर हफ्ते के अन्य दिनों में भी अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुरू की जा सकती हैं।
मेट्रो में बढ़ने वाली भीड़ को संभालने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। व्यस्त स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ज्यादा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। यात्रियों को लंबी लाइनों से बचाने के लिए नए टिकट काउंटर खोले जाएंगे। सुरक्षा जांच को तेज और प्रभावी बनाने के लिए DFMD (डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर) और नए बैगेज स्कैनर सक्रिय किए जाएंगे, जिससे यात्रियों की स्टेशनों में एंट्री तेजी से हो सके।
डीएमआरसी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर के 160 मेट्रो स्टेशनों पर लास्ट माइल कनेक्टिविटी नेटवर्क को बेहद मजबूत किया गया है।इस सुविधा के तहत स्टेशनों पर ई-ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक टैक्सी, कैब और साइकिल सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे रोजाना करीब 1 लाख यात्री लाभान्वित हो रहे हैं। यात्री \’डीएमआरसी सारथी\’ (DMRC Saarthi) ऐप के जरिए अपने घर से गंतव्य तक की पूरी यात्रा (डोर-टू-डोर इंटीग्रेटेड जर्नी) की प्लानिंग आसानी से कर सकते हैं।
दिल्ली मेट्रो आज दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख बाजारों, सरकारी दफ्तरों, कॉरपोरेट हब, शैक्षणिक संस्थानों और पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ रही है। मेट्रो स्टेशनों को सीधे तौर पर रेलवे स्टेशनों, ISBT (बस अड्डों), एयरपोर्ट, RRTS, नोएडा और गुरुग्राम रैपिड मेट्रो से जोड़ा गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए QR टिकटिंग, NCMC (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड), व्हाट्सएप टिकटिंग के साथ-साथ Paytm, PhonePe, Amazon और IRCTC इंटीग्रेशन जैसी आधुनिक डिजिटल सुविधाएं दी जा रही हैं। दिल्ली-एनसीआर के 126 मेट्रो स्टेशनों पर \’पार्क एंड राइड\’ की सुविधा उपलब्ध है, जहां लोग अपने वाहन पार्क कर मेट्रो से सफर कर सकते हैं।
पर्यावरण को सुरक्षित रखने की दिशा में सेंट्रल विस्टा इलाके में IOCL के सहयोग से हाइड्रोजन आधारित बस सेवा भी शुरू की गई है। डीएमआरसी का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपनी निजी गाड़ियां छोड़कर मेट्रो से सफर करने के लिए प्रेरित करना है। दिल्ली मेट्रो का दावा है कि उसका लक्ष्य दिल्ली-एनसीआर में सस्ता, आसान, सुरक्षित और पूरी तरह से पर्यावरण अनुकूल (Eco-friendly) सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है, जिससे सड़कों पर प्रदूषण और जाम की समस्या को कम किया जा सके।