नर्स डे पर CM रेखा गुप्ता का LNJP अस्पताल में ‘सरप्राइज विजिट’

अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एक अलग ही अंदाज में नजर आईं। उन्होंने रविवार को राजधानी के प्रतिष्ठित एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में औचक निरीक्षण (Surprise Visit) कर वहां मौजूद नर्सिंग स्टाफ और मरीजों को चौंका दिया। बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल पहुंचीं मुख्यमंत्री ने सीधे वार्डों का रुख किया और ड्यूटी पर तैनात नर्सों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।

नर्सिंग स्टाफ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भावुक नजर आईं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अस्पतालों में दवाइयां केवल बीमारी का इलाज करती हैं, लेकिन एक बीमार व्यक्ति को लड़ने की हिम्मत आपकी मुस्कान देती है। डॉक्टर उपचार की रूपरेखा तय करते हैं, लेकिन मरीज को मां जैसा स्नेह, अटूट भरोसा और दिन-रात की देखभाल सिर्फ नर्सों से ही मिलती है।

मुख्यमंत्री ने नर्सों के सम्मान और उनके बेहतर भविष्य के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है। इसी ध्येय को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नर्सिंग इंटर्न्स के स्टाइपेंड में ऐतिहासिक 27 गुना वृद्धि की है।

इस फैसले का उद्देश्य न केवल नर्सिंग छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाना है, बल्कि उनके समर्पण को उचित सम्मान देना भी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नई नियुक्तियों के माध्यम से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में नर्सिंग समुदाय की भूमिका को और अधिक सुदृढ़ और पेशेवर बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस औचक दौरे और बड़े ऐलानों से नर्सिंग समुदाय में खुशी की लहर है। नर्सों ने मुख्यमंत्री के इस कदम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पहली बार किसी सरकार ने उनके योगदान को इतनी गहराई से समझा है।

Scroll to Top