बिहार और कर्नाटक में विधान परिषद चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया है। बिहार विधान परिषद चुनाव में 10 सीटों पर चुनाव होंगे। इसमें 9 सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा है,जबकि एक सीट नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने से खाली हुई है।
एमएलसी इलेक्शन के लिए 1 जून को अधिसूचना जारी होगी। 18 जून को वोटिंग और इसी दिन परिणाम भी आ जाएंगे। इन 10 सीटों में 9 सीटें NDA को और 1 सीट RJD को मिलना तय माना जा रहा है।
बिहार विधानसभा में 243 सीटें हैं और विधान परिषद की एक सीट के लिए करीब 24 से 25 विधायकों का समर्थन चाहिए होता है। एनडीए के पास दो तिहाई विधायकों की संख्या है। बीजेपी-जेडीयू की अगुवाई में एनडीए 9 सीटें जीत सकता है। लेकिन उसकी कोशिश सभी 10 सीटों की होगी।
आरजेडी की 25 सीटें हैं और वो एक सीट जीत सकती है। एमएलसी इलेक्शन में जेडीयू को बड़ा कोटा मिल सकता है, क्योंकि ज्यादातर खाली सीटें उसके हिस्से की हैं। जबकि बीजेपी को 2 से 3 सीटें मिल सकती हैं। बाकी सीटें सहयोगी दलों के खाते में जाएंगी।
चुनाव आयोग के अनुसार, चुनाव अधिसूचना 1 जून 2026 को जारी होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून तक नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। इन सभी सीटों के लिए मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। वोटों की गिनती भी उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू कर दी जाएगी। आयोग ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी।