हिंदू बच्चों को पहनाया हिजाब और टोपी : प्रिंसिपल समेत 3 सस्पेंड, FIR दर्ज

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के एक सरकारी स्कूल में हिंदू बच्चों को जबरन हिजाब और इस्लामिक टोपी पहनाने के आरोप में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी (DM) के निर्देश पर प्रभारी प्रधानाध्यापक और दो सहायक अध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, इन सभी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।

मामला जालम सराय गांव स्थित पीएमश्री विद्यालय का है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें स्कूल के हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के बच्चे इस्लामिक टोपी और बच्चियां हिजाब पहनकर प्रार्थना करते नजर आ रहे थे। आरोप है कि प्रार्थना के दौरान बच्चों से इस्लामिक आयतें भी पढ़वाई जा रही थीं।

खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अंशुल कुमार द्वारा की गई जांच में आरोपों की पुष्टि हुई है। बच्चों ने पूछताछ में बताया कि उर्दू टीचर मोहम्मद गुल एजाज और प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद उन्हें हिजाब पहनने और सजदा करने के लिए प्रेरित करते थे।

स्कूल में कुल 352 छात्र पंजीकृत हैं, जिनमें 118 जाटव समुदाय और 234 मुस्लिम समुदाय के बच्चे हैं। जांच के दौरान दोनों समुदायों की बच्चियां हिजाब में पाई गईं। 8 मई को जब बीईओ निरीक्षण करने पहुंचे, तो स्कूल में केवल कार्यवाहक प्रधानाध्यापक मिले, बाकी स्टाफ नदारद था।

जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़े कदम उठाए हैं। प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद, सहायक अध्यापक मोहम्मद गुल एजाज और वर्तमान कार्यवाहक प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया गया है। दोषियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी (CDO) गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो यह पता लगाएगी कि इस खेल में और कौन-कौन शामिल है। प्रारंभिक जांच में स्कूल का माहौल खराब करने और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है। किसी भी सरकारी संस्थान में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देना स्वीकार्य नहीं है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सहायक अध्यापक मोहम्मद गुल एजाज साल 2014 से इस स्कूल में तैनात है। अब जांच समिति यह खंगाल रही है कि यह \’धार्मिक एजेंडा\’ स्कूल में कब से चलाया जा रहा था।

Scroll to Top