कन्नौज या गोरखपुर – कहां से चुनाव लड़ेंगी मालिनी अवस्थी?

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट अभी से सुनाई देने लगी है। इसी बीच \’पद्मश्री\’ से सम्मानित मशहूर लोक गायिका मालिनी अवस्थी के राजनीति में कदम रखने की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। गोरखपुर से लेकर कन्नौज तक उनके चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच, मालिनी अवस्थी ने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है।

एक चैनल को दिए एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह 2027 में राजनीति में आएंगी और यदि हां, तो क्या उनकी पसंद गोरखपुर या कन्नौज होगी? इस पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, \”मैं पिछले 30 सालों से अपने राजनीति में जाने की चर्चा सुन रही हूं। अगर मुझे राजनीति करनी होती, तो मैं बहुत पहले ही कर चुकी होती।\”

मालिनी अवस्थी ने खुलासा किया कि उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, मुलायम सिंह यादव (बदायूं सीट) और मायावती (अंबेडकरनगर सीट) तक से चुनाव लड़ने के प्रस्ताव मिल चुके हैं। उन्होंने साफ कहा कि स्वतंत्र और सशक्त विचार रखने वाली महिलाओं को अक्सर लोग राजनीतिक महत्वाकांक्षा से जोड़कर देखने लगते हैं।

राजनीति में आने की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज करते हुए मालिनी ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य लोक संगीत की सेवा करना है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, \”मेरा उद्देश्य संगीत से पैसा कमाना या फिल्मों में गाना नहीं था। मेरा लक्ष्य लोक कलाकारों को समाज में सम्मान और मंच दिलाना था। जो आदर और प्यार मुझे संगीत की दुनिया में मिला है, वह राजनीति में कभी नहीं मिल पाएगा।\”

इंटरव्यू के अंत में जब उनसे सीटों को लेकर दोबारा पूछा गया, तो उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, \”जो सीटें आपने (कन्नौज और गोरखपुर) बताई हैं, उन्हें मैं ध्यान में रखूंगी।\” हालांकि, उनके इस जवाब के बावजूद यह साफ है कि फिलहाल मालिनी अवस्थी का राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है और वह अपनी सुरों की दुनिया में ही रमी रहेंगी।

Scroll to Top