देश में एक नई पार्टी बनी है, जिसका नाम कॉकरोच जनता पार्टी है। इस पार्टी व सोशल मीडिया पेज पर जुड़े लोगों को कॉकरोच कहा जाता है। कहा जा रहा है कि ये पार्टी युवाओ की है, जो देश में खामियों को ठीक करने के लिए आवाज उठा रही है।
मई 2026 के मध्य में, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा एक अदालती सुनवाई के दौरान की गई कुछ विवादित टिप्पणियों के बाद यह आंदोलन भड़क उठा। खबरों के अनुसार, उन्होंने कुछ ऐसे बेरोजगार युवाओं की तुलना \’कॉकरोच\’ और \’परजीवियों\’ से की थी, जो सोशल मीडिया, पत्रकारिता और \’सूचना का अधिकार\’ (RTI) के जरिए सक्रियता दिखाते हुए व्यवस्था पर हमला करते हैं। बाद में मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणियों को गलत तरीके से पेश किया गया था। उनका निशाना वे लोग थे जो फर्जी डिग्रियों का इस्तेमाल करके प्रतिष्ठित पेशों में घुसने की कोशिश करते हैं, न कि आम बेरोजगार युवा।
कॉकरोच जनता पार्टी के पीछे अभिजीत दिपके हैं, जो इस पार्टी के खुद को फाउंडिंग प्रेसिडेंट बताते हैं। राजनीतिक रणनीतिकार और फिलहाल बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र अभिजीत दिपके ने अब वायरल हो चुकी \’कॉकरोच जनता पार्टी\’ (CJP) लॉन्च की है। आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया यूनिट के पूर्व वॉलंटियर दिपके ने बताया कि \’कॉकरोच\’ नाम तब सामने आया, जब चीफ जस्टिस की टिप्पणियों से सोशल मीडिया पर मौजूद युवा भारतीय नाराज हो गए।
इस आंदोलन ने X पर TMC की महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद जैसे मुख्यधारा के राजनेताओं का ध्यान भी अपनी ओर खींचा है। वे भी इस पार्टी से सोशल मीडिया पर जुड़ गए।
इस आंदोलन ने अपनी शुरुआत के बाद से 11 M लोगों को अपने साथ जोड़ लिया, जबकि भाजपा अब इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में काफी पीछे रह गई है। महज चार दिनों के भीतर ही CJP ने भाजपा के फॉलोअर्स को पीछे छोड़ते हुए यह मील का पत्थर हासिल कर लिया। जहां एक ओर BJP ने 18,000 से अधिक पोस्ट के साथ अपनी बढ़त बनाए रखी, वहीं CJP ने केवल 56 पोस्ट के साथ ही फॉलोअर्स का अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया।