भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के कुछ नेताओं ने बुधवार, 20 मई को बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती से मुलाकात की कोशिश की, लेकिन उन्हें बिना मुलाकात के लौटना पड़ा। कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम और बाराबंकी से सांसद तनुज पूनिया, मायावती आवास पहुंचे थे और उनसे मिलने की इच्छा जताई थी।
बताया गया कि सुरक्षा में तैनात कर्मचारियों ने उनका संदेश बीएसपी प्रमुख तक पहुंचाया, लेकिन मायावती ने मिलने से इनकार कर दिया। चर्चा है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे से पहले कांग्रेस नेता मायावती से कुछ राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत करना चाहते थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।
इस मुलाकात को लेकर कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस दफ्तर में एससी विभाग की एक बैठक हुई जिसमें राजेंद्र पाल गौतम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थी। इस दौरान मायावती के स्वास्थ्य की चर्चा हुई। लेकिन दफतर मायावती के आवास के बगल में ही है तो हम लोग मिले पहुंचे। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि मायावती समाज की वरिष्ठ नेता हैं और उम्र 70 साल के करीब हो गई है, तो उनका हालचाल लेना चाहिए तो एक जनरल विजिट करनी चाहिए।
