मेट्रो स्टेशनों पर पुराने कपड़ों के लिए लगेंगे कलेक्शन बॉक्स

दिल्ली में पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की प्रेरणा से एक अनूठी पहल की शुरुआत होने जा रही है। अब दिल्लीवासी अपने पुराने और अनुपयोगी कपड़ों को फेंकने के बजाय दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों पर बने विशेष कलेक्शन बॉक्स में जमा करा सकेंगे। इस अभियान के तहत एकत्रित कपड़ों को रिसाइकल कर बैग, दरी और धागे (यार्न) जैसे उपयोगी उत्पादों में बदला जाएगा। इस पूरे अभियान की ब्रैंडिंग \’दिल्ली मेट्रो लेडीज वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन\’ (DMLWO) के नाम से की जाएगी।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) के संचालन विभाग और सुरक्षा टीम की समीक्षा के बाद शुरुआती चरण के लिए 10 प्रमुख स्टेशनों का चयन किया गया है:

  • शाहदरा (रेड लाइन)

  • रोहिणी वेस्ट (रेड लाइन)

  • द्वारका (ब्लू लाइन)

  • मालवीय नगर (येलो लाइन)

  • मोहन एस्टेट (वायलेट लाइन)

  • लाजपत नगर (वायलेट और पिंक लाइन)

  • मयूर विहार फेज़-I (ब्लू और पिंक लाइन)

  • हौज खास (येलो और मैजेंटा लाइन)

  • पंजाबी बाग वेस्ट (पिंक और ग्रीन लाइन)

  • शालीमार बाग (पिंक लाइन)

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, \”हमारी सरकार जनसहभागिता आधारित पर्यावरणीय अभियानों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कपड़ा अपशिष्ट (टेक्सटाइल वेस्ट) आज एक बड़ी चुनौती है। इस पहल से न केवल कचरे में कमी आएगी, बल्कि सतत विकास (Sustainable Development) को भी मजबूती मिलेगी।\”

कैसे काम करेगी यह व्यवस्था?

कलेक्शन बॉक्स से मिले कपड़ों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाएगा। अच्छे कपड़ों को प्रतिष्ठित गैर सरकारी संगठनों (NGOs) और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को सौंपकर बैग, दरी और अन्य उत्पाद तैयार कराए जाएंगे। इन अपसाइकिल्ड उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए डीएमआरसी चयनित स्टेशनों पर विशेष जगह उपलब्ध कराएगा। जो कपड़े दोबारा पहनने या इस्तेमाल योग्य नहीं होंगे, उन्हें रिसाइक्लिंग यूनिट्स में भेजकर यार्न (धागा), फाइबर और नॉन-वोवन फेल्ट में बदल दिया जाएगा, जिससे शून्य-अपशिष्ट (Zero Waste) का लक्ष्य हासिल हो सके।

परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए डीएमआरसी का सिविल (O&M) विभाग तेजी से काम कर रहा है। रिसाइकल्ड उत्पाद बनाने वाली एक प्रतिष्ठित कंपनी ने इन स्टेशनों पर कलेक्शन बॉक्स लगाने की इच्छा जताई है और साइट का निरीक्षण भी पूरा कर लिया है। स्टेशनों पर बॉक्स लगाने, ब्रैंडिंग और एमओयू (MoU) से जुड़ी अंतिम औपचारिकताएं पूरी होते ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा इस योजना का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।

Scroll to Top