Delhi Rape Case : 9 साल की बच्ची संग रेप और हत्या मामले पर भड़के केजरीवाल, सुरक्षा व्यवस्था पर अमित शाह से किए सवाल

Arvind Kejriwal on Delhi Rape Case : दिल्ली के नेहरू विहार से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां पर 9 साल की बच्ची का शव एक बंद घर में सूटकेस के अंदर पड़ा मिला। बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या की गई है। बच्ची का शव खून में लथपथ मिला था। उसके पिता खोजते हुए वहां तक पहुंचे तो उन्होंने जो देखा, उसे देखकर किसी का भी दिल दहल उठेगा। अब इस मामले में राजनीति भी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी ने इस मामले में भाजपा सरकार पर हमला बोला है।

केजरीवाल ने अमित शाह पर साधा निशाना 

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट कर लिखा “दिल्ली में 9 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की इस घटना ने सबको झकझोर दिया है। दिल्ली की कानून व्यवस्था को बीजेपी ने बिगाड़कर रख दिया है, भाजपा की चार इंजन वाली सरकार में भी हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। गृह मंत्री अमित शाह जी और उनकी 4-इंजन वाली सरकार को जवाब देना ही होगा। दिल्ली की बेटियों को जवाब भी चाहिए और न्याय भी।”

आतिशी ने उठाए सवाल 

वहीं, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आप की वरिष्ठ नेता ने कहा कि “दिल्ली में 9 साल की बच्ची के रेप और मर्डर के लिए कौन ज़िम्मेदार है? बिगड़ती हुई क़ानून व्यवस्था के लिए कौन ज़िम्मेदार है? भाजपा की 4 इंजन की सरकार है, फिर भी हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं? कहाँ हैं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी? कहाँ हैं देश के गृह मंत्री अमित शाह जी?”

दिल्ली पुलिस ने दी जानकारी 

दिल्ली पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि “7 जून को रात करीब 8:41 बजे दयालपुर थाने में नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस टीम ने पाया कि बेहोशी की हालत में नाबालिग लड़की को उसके पिता जेपीसी अस्पताल ले गए थे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया उसके चेहरे पर चोट के निशान देखे और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। क्राइम और एफएसएल की टीमें फिलहाल घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं। बीएनएस की धारा 103(1), 66, 13(2) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सुराग जुटाने और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें तैनात की गई हैं।”
Scroll to Top