Ahmedabad Plane Crash : विमान हादसे में अब तक 265 लोगों की मौत, पूरे देश में पसरा मातम

Ahmedabad Plane Crash News : गुजरात के अहमदाबाद में गुरूवार, 12 जून को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यह एयर इंडिया का विमान था, हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया परत तेजी से वायरल हो रहा है। आसमान में दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिख रहा है। इस विमान में 242 पैसेंजर्स सवार थे। जिनमें 2 पायलट और 10 केबिन क्रू सदस्य शामिल हैं। इस हादसे में 1 यात्री जिंदा बच गया है। बाकि 241 यात्रियों की मौत हो गई है। कुल मिलाकर इस हादसे में अब तक 265 लोगों की मौत हो चुकी है।

241 यात्रियों की गई जान

हादसे से मची तबाही ने लोगों के दिल दहला कर रख दिया है। लोगों का अपनों को पहचान पाना मुश्किल हो गया है। हादसे से हर किसी का दिल दहल उठा है। इस भयावह हादसे में केवल एक यात्री जीवित बचा है। यह यात्री 11A सीट पर बैठा था और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर है।

विजय रूपाणी का हुआ निधन

इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है। वह 68 साल के थे और बिजनेस क्लास में 2D सीट पर सवार थे। उनकी मौत की खबर से राजनीतिक गलियारों में मातम पसर चुका है। इस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विमानन महानिदेशालय (DGCA) और एयर इंडिया की तकनीकी टीम मौके पर जांच कर रही है।

एस जयशंकर ने जताया दुख

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट किया, “अहमदाबाद विमान दुर्घटना में हुई दुखद मौतों पर संवेदना जताने के लिए सभी विदेशी नेताओं और सरकारों का धन्यवाद। हम इसकी बहुत सराहना करते हैं।”

गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी

इस विमान हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा करने के बाद मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “दोपहर एयर इंडिया की विमान संख्या AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हुई। कई यात्रियों के हताहत होने की संभावनाएं हैं। इस घटना से पूरा देश स्तब्ध है। पूरा देश परिवारों के साथ खड़ा है। सबसे पहले मैं भारत सरकार, गुजरात सरकार, प्रधानमंत्री की ओर से हताहत हुए लोगों को प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। 10 मिनट में ही भारत सरकार के पास सूचना पहुंच गई। तुरंत ही मैंने सभी से संपर्क किया। प्रधानमंत्री का भी फोन आया। भारत सरकार और गुजरात सरकार के सभी विभाग एक साथ होकर राहत और बचाव कार्य में लगे हैं।”

अमित शाह ने आगे कहा, “इस विमान में कुल मिलाकर देश और विदेश के 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर सवार थे। इसमें से 1 यात्री के बचने का अच्छा समाचार मिला है। मैं उनको मिलकर आया हूं। मृत्यु का आकड़ा DNA परीक्षण और यात्रियों की पहचान के बाद ही अधिकृत रूप से जारी होगा। घटना के तुरंत बार गुजरात सरकार ने आपदा प्रबंधन की सारी इकाइयों को अलर्ट करते हुए मिलकर राहत बचाव का कार्य चालू किया। विमान में सवा लाख लीटर ईंधन था। जिससे तापमान इतना ऊंचा हो गया कि किसी को बचाने का मौका ही नहीं मिला। सभी यात्रियों के शव को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है। जितने यात्रियों के परिजन पहुंच गए हैं उनका DNA लेने का काम भी 2-3 घंटे में पूरा हो जाएगा। जिनके परिजन विदेश में हैं उनको सूचित कर दिया गया है।”

 

Scroll to Top