प्रेमानंद महाराज की भक्तों से भावुक अपील

वृंदावन वाले प्रेमानंद जी महाराज की पदयात्रा और भक्तों के साथ होने वाली निजी भेंट बीते कुछ दिनों से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। इसका कारण महाराज जी की स्वास्थ्य समस्याएं बताई जा रही हैं। भक्त भी महाराज जी की सेहत को लेकर चिंता में हैं।

इस बीच प्रेमानंद महाराज का एक नया वीडियो सामने आया है, जो भक्तों की चिंता को और अधिक बढ़ा रहा है। यूट्यूब पर जारी किए इस वीडियो में प्रेमानंद महाराज जी भक्तों से अपील करते हुए कहते हैं-

‘बिल्कुल चिंता न करें हम मिलें न मिलें हम बोले न बोले, लेकिन हम आप सबको बहुत प्यार करते हैं। हम चाहते हैं कि सबको श्री जी की कृपा मिलती रहे और सब उनके चरणों तक पहुंचे। मैं सामने आऊं या ना आऊं। इस बात की चिंता बिल्कुल नहीं करनी कि मेरा उत्थान कैसे होगा। मैं बिना बोले ही आपके दिमाग में हूं, तुम वही सब करोगे जो गुरुदेव कहेंगे।

वीडियो में प्रेमानंद जी आगे कहते हैं कि, सब लोग बिल्कुल निश्चिंत रहें, जो जहां जिस सेवा में है, उसी सेवा में रहिएगा। \’बस नाम जप करते रहो, मैं रहूं या ना रहूं\’ दिखूं या न दिखूं, लेकिन तुम्हारा मंगल जरूर होगा।  तुम्हारा भरण पोषण ईष्ट देव द्वारा होगा। किसी व्यक्ति द्वारा नहीं और जिस दिल लगे कि उद्धार किसी व्यक्ति द्वारा हो रहा है तो, उसे छोड़ देना। आप निर्भय, निश्चिंत और निशोक होकर भजन करते रहो। जब हमारा मन होगा हम बोल देंगे, वरना मौन एकांत रहेंगे और यह मौन एकांत हम आपके लिए हैं, अपने लिए नहीं। हमारे लिए जो होना था, वो हो चुका है। अब जो हो रहा है वो आप सबके लिए हो रहा है। खूब प्रसन्न रहो और नामजप करते रहो।

बता दें कि, प्रेमानंद महाराज की सुबह 3 बजे होने वाली नियमित पदयात्रा कुछ दिन पहले अचानक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, जिसकी जानकारी केली कुंज स्थित आश्रम के सेवादारों द्वारा दी गई। महाराज जी की यात्रा बंद होने से भक्त पहले से ही मायूस थे। अब इस बीच महाराज जी का यह वीडियो भक्तों की चिंता बढ़ा रहा है कि, कहीं उनका स्वास्थ्य ज्यादा खराब तो नहीं हो गया। भक्त प्रेमानंद महाराज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Scroll to Top