Rahul Gandhi : EC पर राहुल का तीखा वार, महाराष्ट्र चुनाव गड़बड़ी को लेकर उठाए सवाल  

Rahul Gandhi News : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि “हमने बार-बार चुनाव आयोग से मतदाताओं के डेटा उपलब्ध कराने की मांग की है।  लेकिन चुनाव आयोग ऐसा नहीं कर रहा है। चुनाव आयोग की इस हरकत से ऐसा लगता है कि कुछ न कुछ गड़बड़ी चल रही है।”

राहुल गांधी का चुनाव आयोग पर आरोप 

राहुल गांधी ने आगे कहा कि “हमारी टीम ने मतदाता सूची और मतदाना पैटर्न बेहद ही सावधानपूर्वक अध्ययन किया है। इसमें कई अनियमितताएं मिल रही है। महाराष्ट्र में विधानसभा 2019 और लोकसभा 2024 के बीच 5 साल में 32 लाख नए मतदाता जोड़े गए। लोकसभा 2024 और विधानसभा 2024 के बीच 5 महीने में 39 लाख नए मतदाता जोड़े गए। सवाल ये है कि 5 महीने के अंदर पिछले 5 साल से ज्यादा मतदाता कैसे जोड़े गए?”

“हमारी पार्टी तोड़ी गई ” – सुप्रिया सुले

NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, “जिस तरह से हमारी पार्टी तोड़ी गई, विधायक-सांसद तोड़े गए। हमारी लड़ाई आज भी सुप्रीम कोर्ट में चल रही है… हमने विधानसभा में चुनाव चिन्ह से तुतारी हटाने का अनुरोध चुनाव आयोग से किया। लेकिन उन्होंने तुतारी नहीं हटाया। जिसके कारण हम कई सीट हारे….चुनाव चिन्ह का विषय है, पार्टियां तोड़ने का विषय है, मतदाता सूची का विषय है। चुनाव आयोग को निष्पक्ष होना चाहिए।”

“चुनाव आयोग सरकार की गुलामी कर रहा” – संजय राउत 

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, “अगर इस देश का चुनाव आयोग जिंदा है, उनका ज़मीर मरा नहीं है तो राहुल गांधी ने जो सवाल पूछे हैं उनका जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए। लेकिन चुनाव आयोग उसका जवाब नहीं देगा क्योंकि चुनाव आयोग भी सरकार की गुलामी कर रहा है।”

फडणवीस का राहुल पर पलटवार 

राहुल गांधी के आरोपों पर महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “चुनाव आयोग ने सभी सवालों का जवाब दिया हुआ है। राहुल गांधी कवर फायरिंग कर रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि 8 फरवरी को दिल्ली चुनाव के नतीजों के बाद उनकी पार्टी का दिल्ली में नाम और निशान समाप्त होने वाला है। उस दिन क्या बोलना, कैसे एक नया नैरेटिव तैयार करना, वह उसी की तैयारी कर रहे हैं… राहुल गांधी अपनी हार का आत्मचिंतन करें।”

Scroll to Top