PM Modi Sri Lanka Visit: श्रीलंका मित्र विभूषण से नवाजे गए PM मोदी, भारत-श्रीलंका के संबंधों पर हुई बात

PM Modi Sri Lanka Visit News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार, 4 अप्रैल को कोलंबो पहुंचे हैं। यहां पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उनका स्वागत करने के लिए श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिस्सा और मत्स्य पालन मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर समेत पांच शीर्ष मंत्री पहुंचे थे।

पीएम मोदी को मिला गार्ड ऑफ ऑनर 

श्रीलंका के स्वतंत्रता चौक पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और 21 तोपों की सलामी दी गई। साथ ही इस बार पीएम मोदी को श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान से नवाजा गया। पीएम मोदी करीब 4 बार श्रीलंका का दौरा कर चुके हैं। श्रीलंका मित्र विभूषण श्रीलंका सरकार का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाता है।

पीएम मोदी ने जताया श्रीलंका का आभार 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा श्रीलंका मित्र विभूषण से सम्मानित किया जाना मेरे लिए गौरव की बात है। यह सिर्फ मेरा सम्मान नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक संबंधों और गहरी मित्रता का सम्मान है। इस सम्मान के लिए मैं राष्ट्रपति, श्रीलंका सरकार और यहां के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं।”

“कर्तव्यों का निर्वहन करें” – पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री के तौर पर यह मेरी श्रीलंका की चौथी यात्रा है, 2019 में मेरी पिछली यात्रा बहुत ही संवेदनशील समय पर हुई थी। उस समय मुझे विश्वास था कि श्रीलंका उभरेगा और और अधिक मजबूत होगा। मैं श्रीलंका के लोगों के धैर्य और साहस की सराहना करता हूं और आज मुझे श्रीलंका को फिर से प्रगति के पथ पर देखकर खुशी हो रही है। यह भारत के लिए गर्व की बात है कि हमने एक सच्चे पड़ोसी और मित्र के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है।”

“श्रीलंका के लोगों के साथ” – पीएम मोदी 

विकास पर पीएम मोदी ने कहा, “भारत ने सबका साथ, सबका विकास का विजन अपनाया है। हम अपने सहयोगी देशों की प्राथमिकताओं को भी महत्व देते हैं। पिछले 6 महीनों में ही हमने 100 मिलियन डॉलर से अधिक के ऋणों को अनुदान में बदला है। हमारा द्विपक्षीय ऋण पुनर्गठन समझौता श्रीलंका के लोगों को तत्काल सहायता और राहत प्रदान करेगा। आज हमने ब्याज दर कम करने का फैसला किया है। यह दर्शाता है कि भारत आज भी श्रीलंका के लोगों के साथ खड़ा है।”

Scroll to Top