Operation Sindoor: दुनिया के सामने होगा पाकिस्तान का पर्दाफाश…ऑपरेशन सिंदूर पर मोदी सरकार ने बनाया डेलीगेशन- किरेन रिजिजू

Operation Sindoor Delegation : भारत की पाकिस्तान के आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लगातार जारी है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत की तरफ से सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल इस महीने के आखिर में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के सदस्यों सहित प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करने वाले हैं। ये डेलीगेशन आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को दुनिया के सामने रखेंगे। इस डेलीगेशन में अलग-अलग दल के सदस्य शामिल होंगे।

शशि थरूर को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

ऑपरेशन सिंदूर और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई के संदर्भ में, 7 सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल इस महीने के अंत में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों सहित प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करने वाले हैं। निम्नलिखित संसद सदस्य 7 प्रतिनिधिमंडलों का नेतृत्व करेंगे। जिसमें कांग्रेस नेता शशि थरूर, भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद, JDU से संजय कुमार झा, भाजपा से बैजयंत पांडा, DMK से कनिमोझी करुणानिधि, NCP से सुप्रिया सुले, शिवसेना श्रीकांत एकनाथ शिंदे।

किरेन रिजिजू ने किया पोस्ट 

इस पर जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्वीट कर लिखा कि, “महत्वपूर्ण क्षणों में भारत एकजुट है। सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करेंगे, जो आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता के हमारे साझा संदेश को लेकर जाएंगे। राजनीति और मतभेदों से परे राष्ट्रीय एकता का यह एक शक्तिशाली प्रतिबिंब है।”

जयराम रमेश ने दी जानकारी 

वहीं कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने ट्वीट कर जानकारी दी कि, “कल सुबह संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से बात की और पाकिस्तान से आतंकवाद पर भारत का रुख स्पष्ट करने के लिए विदेश भेजे जाने वाले प्रतिनिधिमंडल के लिए 4 सांसदों के नाम प्रस्तुत करने को कहा जिनमें आनंद शर्मा, गौरव गोगोई, डॉ. सैयद नसीर हुसैन, राजा बरार शामिल हैं।

“40 सांसदों की एक टीम बनाई” – दिलीप जयसवाल 

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने कहा, “40 सांसदों की एक टीम बनाई गई है। ये सांसद अलग-अलग देशों में जाकर पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों और जिस तरह से आतंकियों ने पाकिस्तान में अपने अड्डे बनाए हैं, उसे वैश्विक स्तर पर उजागर करेंगे। कांग्रेस कुछ स्तर पर इस बात पर समर्थन कर रही है और ये एक अच्छा संदेश है कि देश की सुरक्षा के मामले में इस देश की सभी पार्टियों को एकजुट रहना चाहिए, ये बात जनता को भी पसंद आएगी।”

पहलगाम आतंकी हमला

गौरतलब हो कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया गया था। आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद भारत ने 7 मई की रात भारत ने जवाबी हमले में ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। भारत ने इस हमले में पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को अपना निशाना बनाया। इस हमले में 100 से ज्यादा आतंकी ढेर कर दिए गए भारतीय सेना ने साफ किया कि ऑपरेशन सिंदूर का मकसद सिर्फ आतंकवाद को खत्म करने का था और आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाया गया।

 

Scroll to Top