Delhi: दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष होंगी आतिशी, AAP विधायक दल ने लिया बड़ा फैसला 

CM Rekha Gupta VS Atishi : दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कालकाजी से आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) की विधायक आतिशी (Atishi) को दिल्ली विधानसभा (Delhi Vidhansabha) में विपक्ष का नेता चुना गया है। यह फैसला रविवार, 23 फरवरी को पार्टी मुख्यालय में हुई आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक आप विधायक दल की इस बैठक में विधानसभा सत्र के एजेंडे को लेकर भी चर्चा हुई है।

आतिशी बनीं नेता प्रतिपक्ष

AAP नेता गोपाल राय (Gopal Rai) ने कहा, “आज विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि आतिशी दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता होंगी। चुनौतीपूर्ण समय में आतिशी ने मुख्यमंत्री के तौर पर दिल्ली की जनता की सेवा की है।आप एक स्वस्थ विपक्ष की जिम्मेदारी निभाएगी।”

CAG रिपोर्ट पर बोलीं आतिशी 

इस दौरान दिल्ली विधानसभा में पेश होने वाली CAG रिपोर्ट पर दिल्ली की पुर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, “मैंने बतौर मुख्यमंत्री दिल्ली विधानसभा के स्पीकर को CAG रिपोर्ट (CAG Report) भेजी थी। ये CAG रिपोर्ट चुनाव से पहले सीलबंद लिफाफे में विधानसभा भेजी गई थी। भाजपा यह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है कि CAG रिपोर्ट उनकी तरफ से पेश की जा रही है। दिल्ली की जनता में फैलाई जा रही भ्रांति को जनता के सामने लाया जाना चाहिए।”

आतिशी ने कालकाजी से दूसरी बार हासिल की जीत 

आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में हुई बैठक में अरविंद केजरीवाल, आतिशी, जरनैल सिंह, संजीव झा, वीर सिंह धींगान और प्रवेश रतन समेत कई अन्य विधायक मौजूद थे। सभी ने सहमति से आतिशी को दिल्ली विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना। गौरतलब हो कि पूर्व सीएम आतिशी कालकाजी विधानसभा से दूसरी बार विधायक चुनी गई है। उन्होंने इस चुनाव में यहां से भाजपा के रमेश बिधुरी को हराया है। इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज, सत्येंद्र जैन जैसे बड़े-बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा।

Scroll to Top