Operation Sindoor : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर सर्वदलीय बैठक खत्म, आतंकवाद के खिलाफ एक साथ खड़ा पूरा देश 

Operation Sindoor News : ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद आज केंद्र सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में सभी दलों के नेताओं को पूरी तरह से ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी गई। सर्वदलीय बैठक अब खत्म हो चुकी है।

किरेन रिजिजू ने सभी नेताओं का किया धन्यवाद

सर्वदलीय बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “आज सर्वदलीय बैठक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में बहुत अच्छी से हुई है। गंभीर विषय था इसलिए सभी नेताओं ने गंभीरता से अपने बात को रखा है। सबसे पहले रक्षा मंत्री ने सभी नेताओं को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी और परिस्थिति, हालात के बारे में जानकारी दी। इसके बाद सभी ने अपना मत रखा और सुझाव भी दिए। सभी नेताओं ने सेनाओं को बधाई भी दी। सभी ने कहा कि हम एकजूटता से सरकार का साथ देंगे और सेना के हर कार्रवाई में साथ देंगे। मैं सभी नेताओं को धन्यवाद करता हूं और ये सकारात्मक बैठक थी।”

ओवैसी ने की सरकार की सराहना

सर्वदलीय बैठक के बाद AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “मैंने ऑपरेशन सिंदूर के लिए हमारे सशस्त्र बलों और सरकार की सराहना की है। मैंने यह भी सुझाव दिया कि हमें द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के खिलाफ एक अंतरराष्ट्रीय अभियान चलाना चाहिए।”

“हम चर्चा नहीं करना चाहते” – राहुल गांधी

सर्वदलीय बैठक के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “हमने सरकार को अपना पूरा समर्थन दिया है। जैसा कि मल्लिकार्जुन खरगे जी ने कहा, कि उन्होंने (सरकार ने) कहा कि कुछ चीजें ऐसी हैं जिन पर हम चर्चा नहीं करना चाहते। सबने सपोर्ट किया है। ”

“देशहित में हम उनके साथ”

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “बैठक में जो उन्होंने कहा है, वो हमने सुना। हम सभी ने बताया कि इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं और वो जो काम कर रहे हैं, उसको जारी रखें और देशहित में हम उनके साथ रहेंगे।”

सभी दल बैठक में मौजूद

बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बैठक में मौजूद थे। कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे। बता दें कि संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग में ऑल पार्टी मीटिंग हुई।

पाकिस्तान की नापाक हरकत जारी

बता दें कि इस स्ट्राइक के बाद राष्ट्रीय राजधानी में हाई अलर्ट है। पुलिस और सेना चप्पे-चप्पे पर निगरानी रख रही है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद बौखलाए पाकिस्तान ने कल पूरी रात सीमा पर फायरिंग की है। पाकिस्तानी सेना की ओर से कुपवाड़ा में गोलीबारी की गई है। भारतीय सेना ने बताया कि “7-8 मई की रात को पाकिस्तानी सेना की चौकियों ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी और अखनूर इलाकों में नियंत्रण रेखा के पार छोटे हथियारों और तोपों से बिना उकसावे के गोलीबारी की। भारतीय सेना ने भी इसका उचित जवाब दिया।”

किरेन रिजिजू का बयान

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सर्वदलीय बैठक पर कहा, “हमारे देश और सेना ने ऑपरेशन सिंदूर को जो अंजाम दिया है और उस पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सभी राजनीतिक पार्टी को स्थिति के बारे में बताना ये सरकार का दायित्व है। पीएम मोदी ने निर्देश दिया है कि सभी पार्टी को हालात के बारे में ब्रीफ करें क्योंकि ये लड़ाई पूरे देश की है इसलिए इसके बारे में जानकारी देना आवश्यक है।”

पीएम मोदी ने चुना ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम 

भारतीय सशस्त्र बलों के हमले का नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुना है। भारत ने इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया है। बता दें कि आतंकवादियों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में 26 नागरिकों की हत्या कर दी थी। इस हमले में कई पत्नियों ने अपने पति को खोया। पीड़ित पत्नियों को ध्यान में रखते हुए जवाबी अभियान के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम सबसे सटीक बैठा। भारतीय परंपरा में विवाहित महिलाएं ‘सिंदूर’ का इस्तेमाल करती हैं। इसी वजह से इस सैन्य अभियान का नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखना प्रधानमंत्री का विचार था।

 

Scroll to Top