Uttarkashi Helicopter Crash : उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बड़ा हादसा, हेलीकॉप्टर क्रैश में 4 लोगों की हुई मौत

Uttarkashi Helicopter Crash News : उत्तराखंड से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां उत्तरकाशी में एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया है। यहां उत्तरकाशी के गंगनानी से आगे ये हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। घटना के वक्त हेलीकॉप्टर में 5 से 6 यात्री सवार थे। हादसे के बाद 4 यात्रियों की मौत की सूचना मिली है। वहीं दो लोगों के घायल होने की खबर है। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तरकाशी के डीएम मौके के लिए रवाना हो गए हैं।

डिविजनल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने दी जानकारी 

जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर देहरादून से हर्षिल हेलीपैड के लिए निकाला था। यहां गंगनानी से आगे नाग मंदिर के नीचे और भागीरथी नदी के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गढ़वाल के डिविजनल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि “आज बहुत ही दुखद घटना हुई है। एक हेलीकॉप्टर गंगनानी स्थान पर क्रैश हो गया। उसमें 6 यात्री और एक पायलट था। तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। स्थानीय पुलिस, स्थानीय मजिस्ट्रेट और SDRF की टीम वहां पहुंच गई थी। एक व्यक्ति को रेस्क्यू किया गया है और उसे एयरलिफ्ट कर लिया गया है, 6 लोगों की मृत्यु हो गई है।”

खराब मौसम हादसे का जिम्मेदार

बता दें कि ये हेलीकॉप्टर प्राइवेट एयरलाइंस का था। इस हादसे के लिए खराब मौसम को जिम्मेदार बताया गया है। हालांकि अभी घटना की सही वजह का खुलासा नहीं है। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक टीम के द्वारा राहत और बचाव कार्य किया गया है

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया पर हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि “उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए SDRF और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं और हर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।”
Scroll to Top