PM मोदी ने ‘कर्तव्य भवन’ का किया उद्घाटन, अब एक ही छत के नीचे होंगे सभी मंत्रालय

Kartavya Bhawan Inaugration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली के कर्तव्य पथ पर कर्तव्य भवन-3 का उद्घाटन किया। इसके बाद शाम साढ़े 6 बजे वह एक सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। बता दें कर्तव्य भवन को दिल्ली भर में फैले विभिन्न मंत्रालयों और विभागों को एक साथ लाकर दक्षता, नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। कर्तव्य भवन-3 कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट (CSS) की 10 प्रशासनिक बिल्डिंग में पहला है। यह सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का हिस्सा है।

कर्तव्य भवन-3 में कौन-कौन से मंत्रालय होंगे?

नए भवन में गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, MSME, डीओपीटी (कार्मिक मंत्रालय), पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय और प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार का कार्यालय होगा। कुछ मंत्रालय आज से ही इसमें शिफ्ट हो जाएंगे। ये मंत्रालय शास्त्री भवन, कृषि भवन, निर्माण भवन और उद्योग भवन से शिफ्ट होंगे। 1950-70 के दशक में बनीं इन पुराने भवनों की स्थिति जर्जर हो चुकी है। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत ऐसे 10 कर्तव्य भवन बनाए जाने हैं, इनमें से बने सबसे पहले भवन का उद्घाटन पीएम मोदी ने आज किया है।

नॉर्थ और साउथ ब्लॉक का क्या होगा?

नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में मौजूद सभी मंत्रालय कर्तव्य भवन में शिफ्ट हो जाएंगे। तो अब सवाल यह है कि नॉर्थ और साउथ ब्लॉक का क्या होगा? तो आपको बता दें कि दोनों ही ब्लॉक को खाली कराकर इन्हें म्यूजियम में तब्दील किया जाएगा। जिनका नाम होगा – ‘युगे युगीन भारत म्यूजियम’। इन भवनों में काम कर रहे मंत्रालयों और विभागों को धीरे-धीरे कर्तव्य भवनों में स्थानांतरित किया जा रहा है।

Scroll to Top