देश की राजधानी में पार्किंग को लेकर छिड़ने वाले विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके प्रीत विहार का है, जहां रविवार देर रात महज गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए झगड़े में एक 34 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना रविवार (19 अप्रैल) देर रात की है। पुलिस को रात करीब 2:22 और 2:26 बजे पीसीआर कॉल के जरिए झगड़े और गोलीबारी की सूचना मिली। जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंचती, वारदात को अंजाम दिया जा चुका था। जानकारी के मुताबिक, पंकज नैयर और उनके भाई पारस का उनके पड़ोसी गौरव शर्मा से घर के बाहर गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
शुरुआत में मामला सिर्फ कहासुनी तक सीमित था, लेकिन देखते ही देखते आरोपी गौरव शर्मा आपा खो बैठा। आरोप है कि बहस के दौरान गौरव ने अपनी पिस्टल निकाली और पंकज पर फायरिंग कर दी। एक गोली पंकज के सीने में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
वारदात के तुरंत बाद घायल पंकज को निर्माण विहार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक काफी खून बह चुका था और डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में पंकज के बड़े भाई पारस को भी चोटें आई हैं। मृतक के चाचा मोहन ने बताया, हमें रात करीब 3:30 बजे फोन आया कि पंकज को गोली लगी है। वहां मौजूद लोगों का कहना है कि तीन राउंड फायरिंग की गई थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गौरव शर्मा अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गौरव और उसके साथियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
प्रीत विहार थाना पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।