योगेश गौड़ा हत्याकांड में कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी समेत 16 को उम्रकैद

कर्नाटक की राजनीति में भूचाल ला देने वाले चर्चित भाजपा नेता योगेश गौड़ा हत्याकांड में इंसाफ की सबसे बड़ी मुहर लग गई है। बेंगलुरु की विशेष एमएलए/एमपी कोर्ट ने कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी समेत सभी 16 दोषियों को उम्रकैद की सख्त सजा सुनाई है।

न्यायाधीश संतोष गजानन भट्ट ने सजा की अवधि (क्वांटम ऑफ सेंटेंस) पर फैसला सुनाते हुए दोषियों पर 30,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। दो दिन पहले ही अदालत ने इन सभी को हत्या और आपराधिक साजिश रचने का दोषी करार दिया था। विधायक विनय कुलकर्णी, जो वर्तमान में कर्नाटक अर्बन वाटर सप्लाई एंड ड्रेनेज बोर्ड के अध्यक्ष हैं, इस मामले में आरोपी नंबर 15 थे।

फैसले के दौरान अदालत परिसर का माहौल बेहद भावुक और तनावपूर्ण रहा। बड़ी संख्या में मौजूद दोषियों के परिजन सजा सुनते ही फूट-फूट कर रोने लगे। खुद विधायक विनय कुलकर्णी और अन्य दोषी अपने परिजनों को ढांढस बंधाते नजर आए, लेकिन कानून के कड़े प्रहार के सामने सब बेबस दिखे।

सुनवाई के दौरान अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल वी. राजू ने इस हत्याकांड को ‘कोल्ड ब्लडेड मर्डर’ करार दिया। अभियोजन पक्ष ने अदालत में वे रोंगटे खड़े कर देने वाले तथ्य रखे, जिन्हें सुनकर हर कोई सन्न रह गया। राजनीतिक दुश्मनी के चलते योगेश गौड़ा की आंखों में पहले मिर्च पाउडर झोंका गया और फिर बेरहमी से उनकी जान ले ली गई।

आरोप है कि कुलकर्णी ने मंत्री पद पर रहते हुए पुलिस तंत्र को प्रभावित किया और सबूत मिटाने के लिए दस्तावेजों में हेरफेर की।शुरुआत में डमी आरोपियों से सरेंडर कराया गया था, लेकिन CBI की जांच ने साजिश की परतों को उधेड़कर सच सामने ला दिया।

विनय कुलकर्णी कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री रहे हैं। उन्हें उम्रकैद की सजा मिलना कर्नाटक कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। भाजपा नेता और जिला पंचायत सदस्य योगेश गौड़ा के परिवार ने इस फैसले पर संतोष जताते हुए इसे ‘अधर्म पर धर्म की जीत’ बताया है।

Scroll to Top